बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की कोतवाली पुलिस ने फरवरी में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इससे पहले इस प्रकरण में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रातामाटी निवासी शिवराज सिंह परमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक एमपी-48-एए-6531) 21 फरवरी 2026 को खेत में खड़ा था, जिसे अगले दिन अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली मर्दवानी-खारागोंदी मार्ग स्थित जामुन नाला जंगल के पास लावारिस हालत में बरामद हुई। जब्त महिंद्रा अर्जुन नोवो 605 डीआई ट्रैक्टर एवं ट्रॉली की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में पुलिस ने ग्राम रातामाटी निवासी 28 वर्षीय आकाश ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही कमलेश यादव निवासी बांसपानी और दिनेश यादव निवासी महुपानी को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने नागरिकों से कृषि यंत्रों और वाहनों की सुरक्षा के लिए लॉक तथा जीपीएस जैसे सुरक्षा उपाय अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित