भरतपुर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में शनिवार को ट्रेलर में रस्सी के फंदे पर लटका एक शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
आधार कार्ड के जरिये मृतक की पहचान अमित (28) के रूप में हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि डहरा मार्ग पर सरस पशु आहार संयंत्र के सामने खड़े ट्रेलर की खिड़की पर सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने एक युवक को रस्सी फंदे से लटका देखा, तो उसने सरस पशु आहार संयंत्र के गार्ड को सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गये।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव उतारकर अस्पताल के शवगृह पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर बुलाया है। जांच में सामने आया है कि मृतक ट्रेलर चालक एक दिन पहले ही सरस पशु आहार संयंत्र में माल लेकर आया था। उसने शाम को माल खाली करने के बाद ट्रेलर को परिसर के बाहर खड़ा किया था। इसके बाद रात में ही उसने यह कदम उठा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित