अजमेर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में अजमेर के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को ट्रेलर की चपेट में आने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोलूराम (30) अपनी पत्नी ममता (27) और बच्चों के साथ मोटर साइकिल से किशनगढ़ से खोड़ा माताजी के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान होटल एकता के सामने मोटर साइकिल एक ट्रेलर की चपेट में आ गई। इससे उसकी पत्नी ममता (27), रोहित पुत्र प्रकाश (9) और कालू पुत्र भोलूराम (7) की मौत हो गई। वहीं भोलूराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं शव किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल के शवगृह पहुंचाए। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित