बैतूल , सितंबर 12 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बरबटपुर-मगरडोह रेलवे खंड के बीच ट्रेन से गिरकर घायल हुए एक अज्ञात व्यक्ति की बैतूल जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति को कल शाम गंभीर हालत में शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कल शाम करीब चार बजे बरबटपुर-मगरडोह के बीच रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति घायल और बेहोशी की हालत में मिला था। सूचना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल भेज दिया। बैतूल जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और देर रात उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या अन्य सामग्री नहीं मिली है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के पुलिस थानों को सूचना भेजी गई है। पुलिस रेलवे मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों और अन्य संभावित माध्यमों से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी जयपाल रघुवंशी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। यदि कोई व्यक्ति शव को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है तो जिला अस्पताल पुलिस चौकी अथवा संबंधित पुलिस थाने को सूचना दे सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित