रायबरेली , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में सोमवार की रात करीब ढाई बजे ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना ऊंचाहार रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर सरबहदा के पास हुई। आज सुबह लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी।

जीआरपी रायबरेली के थाना इंचार्ज सचिन पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान बदायूं जिला निवासी इशरत (24) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी जेब से बरेली से ऊंचाहार का ट्रेन टिकट मिला। मृतक का बड़ा भाई कुण्डा में काम करता है उसी से मिलने मृतक जा रहा था। बताया गया कि युवक 14308 बरेली-प्रयागराज ट्रेन के दरवाजे पर बैठा था। जीआरपी पुलिस के अनुसार, रात में नींद आने के कारण संतुलन बिगड़ने से उसके ट्रेन से गिरने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित