भरतपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर में दिल्ली से कोटा जा रही दिल्ली-अंबेडकर नगर ट्रेन (20156) के जनरेटर पावर कार में बुधवार को तड़के अचानक आग लग जाने से स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन के कोटा के लिए रवाना होने पर आग लगते ही ट्रेन की अग्नि पहचान और संचार प्रणाली (एफएसडीएस) के सक्रिय हो जाने पर आग का पता चल गया और ट्रेन को सवाई माधोपुर स्टेशन पर रोक दिया गया। स्टेशन पर रेलवे के कर्मचारियों ने आनन फानन में जनरेटर यान को बाकी ट्रेन से अलग किया, जिसके बाद 10 अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

इस बीच, तीन घण्टे से अधिक समय तक ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। इस घटना में जनरेटर यान को नुकसान पहुंचा है। जनरेटर यान फिलहाल सवाई माधोपुर में ही खड़ा है। इसे कोटा लाने की तैयारी की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चला है। कोटा मंडल रेल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे से बड़ी घटना टल गई। जनरेटर वैन में डीजल के टैंक रखे रहते हैं। दौड़ती ट्रेन में आग इन डीजल टैंकों तक पहुंच जाती तो इससे जान माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित