भरतपुर , जून 18 -- राजस्थान में इंदौर से जोधपुर आ रही रणथंभौर एक्सप्रेस (12465) के जनरल कोच के नीचे लूणी-रीछा स्टेशन पर धुआं निकलने से यात्रियों में भगदड़ मच गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाद अफरातफरी एवं भगदड़ के बीच ख़ौफ़ज़दा यात्रियों ने दोपहर बाद ढाई बजे ट्रेन के सवाईमाधोपुर पहुंचने पर चैन की सांस ली।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोको पायलट द्वारा आपात ब्रेक लगाने पर कोच के नीचे से धुआं निकलने लगा। ट्रेन रुकते ही धुआं उठने एवं जलने की गंध आने पर लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया और वे जैसे तैसे ट्रेन से कूदकर भागने लगे। देखते ही देखते पांच मिनट में पूरी ट्रेन खाली हो गयी। रेलवे कर्मचारियों ने आकर बताया कि कोच के ब्रेक जाम होने की वजह से धुआं निकला है, घबराने की बात नहीं है, लेकिन इससे यात्रियों की दहशत कम नहीं हुई।

इसी स्टेशन पर एक महीने पहले त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी के दो कोच में आग लग गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित