हरिद्वार , मई, 08 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में सेना के जवान और उसके पालतू कुत्ते की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवाजी कॉलोनी, ढंडेरा निवासी देवेंद्र कुमार भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में झांसी में सेवाएं दे रहे थे। वह 28 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। आज सुबह वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए निकले थे।
बताया गया है कि बुचड़ी फाटक के समीप हरिहर एक्सप्रेस की चपेट में आने से देवेंद्र कुमार और उनके पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है ।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जवान की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित