बैतूल , जून 18 -- बैतूल नगर पालिका परिषद की बैठक में गौठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड से जुड़े मामले में ठेकेदार पर लगाई गई पेनाल्टी कम करने का प्रस्ताव पार्षदों के विरोध के चलते पारित नहीं हो सका।

सूत्रों के अनुसार बुधवार को आयोजित परिषद की बैठक के एजेंडे में पेनाल्टी कम करने से संबंधित कोई विषय शामिल नहीं था। इसके बावजूद बैठक के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने ठेकेदार को राहत देने संबंधी पक्ष रखा।

बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेंचिंग ग्राउंड के ठेकेदार पर अनुबंध राशि का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था, जिसकी अनुमानित राशि लगभग 60 लाख रुपये है।

बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने तर्क दिया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड लगभग खाली हो चुका है तथा कचरा निस्तारण की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से अन्य स्थान पर स्थानांतरित की जा रही है। उन्होंने 30 जून को प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के भूमिपूजन कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। हालांकि परिषद के पार्षद इन तर्कों से सहमत नहीं हुए और पेनाल्टी कम करने के प्रस्ताव का विरोध किया।

गौरतलब है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड का मामला लंबे समय से विवादों में रहा है। इस प्रकरण में पूर्व में तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी और एक उपयंत्री के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसी कारण परिषद सदस्यों ने ठेकेदार को राहत देने के प्रयास पर आपत्ति जताई।

बैठक के दौरान कई पार्षदों ने प्रश्न उठाया कि जिस मामले में प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा चुकी है, उसमें अब जुर्माना कम करने की आवश्यकता क्यों महसूस की जा रही है। विरोध के चलते प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित