बैतूल , मई 13 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के लिए प्रस्तावित नए ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर कढ़ाई गांव में विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों ने कचरा निस्तारण स्थल तक जाने वाले मार्ग पर गहरे गड्ढे खोदकर तथा तार फेंसिंग लगाकर कचरा वाहनों की आवाजाही रोक दी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नगर पालिका लंबे समय से गौठाना स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर हो रहे विरोध के कारण शहर से बाहर नए स्थान की तलाश कर रही थी। इसके तहत कढ़ाई गांव के समीप एक स्थल का चयन किया गया था, जहां हाल के दिनों में कचरा डालना भी शुरू कर दिया गया था। हालांकि स्थानीय ग्रामीण शुरू से ही इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे।

ग्रामीणों ने पहले ज्ञापन देकर और प्रशासनिक स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन समाधान नहीं होने पर ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। ग्रामीणों ने मार्ग पर गहरे गड्ढे खोद दिए हैं, जिससे भारी वाहन वहां तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। दोबारा रास्ता बहाल न हो सके, इसके लिए खोदी गई मिट्टी भी हटा दी गई है तथा मार्ग पर तार फेंसिंग कर दी गई है।

स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने फिलहाल गौठाना स्थित पुराने ट्रेंचिंग ग्राउंड का उपयोग फिर शुरू कर दिया है। इससे आसपास के रहवासियों में दोबारा कचरे के ढेर और उससे जुड़ी समस्याओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

नए ट्रेंचिंग ग्राउंड को लेकर जारी विवाद के कारण नगर पालिका की कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रस्तावित एमआरएफ सेंटर का निर्माण भी लंबित बताया जा रहा है, जबकि गौठाना की जमीन के वैकल्पिक उपयोग की योजना भी आगे नहीं बढ़ पा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ेगा, भूजल और जल स्रोत प्रभावित होंगे तथा पशुधन और कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। दूसरी ओर नगर पालिका अधिकारियों का दावा है कि चयनित स्थल गांव से पर्याप्त दूरी पर स्थित है और प्राकृतिक पहाड़ियों के कारण न बदबू फैलेगी और न ही कचरा आसपास पहुंचेगा। अधिकारियों के अनुसार कचरे की नियमित प्रोसेसिंग से किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित