जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत को समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम बतातेहुए विश्वास व्यक्त किया है कि कार्यकर्ताओं के इसी समर्पण और जनता के आशीर्वाद से भाजपा पंचायत चुनावों में भी शानदार सफलता हासिल करेगी और गांवों में भी ट्रिपल इंजन सरकार से तीन गुना रफ्तार से विकास होगा।

श्री शर्मा बुधवार को टोंक जिले के डिग्गी में टोंक-सवाईमाधोपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है। ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र, ग्राम सेवा सहकारी समिति, सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंटरनेट सुविधा, स्वास्थ्य केंद्र, सोलर लाइट, खेल मैदान और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने का संकल्प लिया है। आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सम्मान निधि को बढ़ाकर12 हजार रुपये करना, 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाना, युवाओं के लिए 15 हजार नए स्कूल भवन व बड़े उद्योगों के माध्यम से रोजगार अवसर सृजित करना हमारा संकल्प है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पिछले पौने तीन वर्षों में टोंक जिले में तीन हजार 841 करोड़ के कार्य कराए जा रहे हैं। बीसलपुर परियोजना के तहत 102 करोड़ रुपये से अधिक के मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार के साथ ही निवाई, डिग्गी और लांबा हरिसिंह में 92 करोड़ रुपये की शहरी पेयजल योजनाओं से जुड़े कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी तरह सवाई माधोपुर जिले में 17 हजार 173 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सूरवाल से कुस्तला तक 130 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास सड़क तथा सवाई माधोपुर और रईथांकलां में 400-400 केवी जीएसएस का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। मुख्यमंत्री ने कार्यकताओं से कहा कि इन विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा के ध्वजवाहक और सरकार एवं जनता के बीच मजबूत सेतु हैं। 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के संकल्प के साथ कार्यकर्ता पंचायत चुनावों में जुटें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित