भोपाल , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश राज्य ट्रायथलॉन अकादमी में प्रवेश के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चयन ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। टैलेंट सर्च-2026 के अंतर्गत आयोजित इस चयन प्रक्रिया में 37 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार छह से आठ जुलाई तक टीटी नगर स्टेडियम, इंटरनेशनल स्टेडियम बरखेड़ा नाथू और प्रकाश तरण पुष्कर में आयोजित ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों का तैराकी, साइक्लिंग, रनिंग, शारीरिक फिटनेस और तकनीकी दक्षता के आधार पर परीक्षण किया गया। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हुई।

चयन ट्रायल्स में 31 बालक और छह बालिका सहित कुल 37 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें मध्यप्रदेश के 12 जिलों के अलावा उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने भी सहभागिता की। बुरहानपुर जिले से सर्वाधिक सात खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें चार बालिकाएं थीं। इसके अतिरिक्त भोपाल, शिवपुरी, रीवा, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, राजगढ़, सतना, इटारसी और बैतूल के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई।

विभाग के अनुसार ट्रायल्स के दौरान कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट सहनशक्ति, तकनीकी कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ियों की सूची अंतिम मूल्यांकन और अनुमोदन के बाद अलग से जारी की जाएगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कहा कि अकादमी के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित