देवरिया, जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने आज निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर ट्रामा सेंटर सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ट्रामा सेंटर में ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को लिक्विड ऑक्सीजन (एलओएक्स) टैंक से शुक्रवार शाम तक जोड़े जाने का सख्त निर्देश दिया है।

श्री हुलगी कहा कि ट्रामा सेंटर में आवश्यक सभी संसाधनों की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए तथा शेष सभी अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करते हुए हर हाल में ट्रामा सेंटर को संचालित कराया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को भी ट्रामा सेंटर में शीघ्र शिफ्ट कर नियमित रूप से संचालित किया जाए।

उन्होने कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के लिए आगाह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित