बस्तर , मार्च 31 -- त्तीसगढ़ में बस्तर जिले के धरमपुरा, जगदलपुर स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के दूसरे दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जनजातीय प्रतिभाओं को मंच देने वाले इस आयोजन में सुबह से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जिला पीआरओ ने मंगलवार को बताया कि पुरुष वर्ग की बाधा दौड़ में असम के त्रैलोक्य मसरोंग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15.85 सेकंड में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में तेलंगाना के सपावत दत्तू ने 16.65 सेकंड के साथ रजत और त्रिपुरा के हरि मोहन त्रिपुरा ने 16.82 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में गुजरात के संतोषभाई उत्तमभाई गनवित ने 49.332 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। ओडिशा के नोबल कुमार किसान 49.335 सेकंड के बेहद मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कर्नाटक के रामू ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में झारखंड के शिव कुमार सोरेन ने 10.58 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ के तिलक बर्सेल 10.87 सेकंड के साथ दूसरे और ओडिशा के अतीश किंडो 10.91 सेकंड में तीसरे स्थान पर रहे।
लंबी कूद स्पर्धा में लक्षद्वीप के अब्दुल फतह एनएम ने 7.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। ओडिशा के भीमा सरदार और जीवन मुक्ति बिलुंग ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित