चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- पंजाब राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने राज्य के प्रमुख औद्योगिक घराने ट्राइडेंट ग्रुप के धौला स्थित परिसर में गुरुवार को छापा मारा।
सूत्रों के मुताबिक बोर्ड के अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक फैक्ट्री के भीतर विभाग की जांच की।प्रदूषण विभाग की टीम में करीब 10 अधिकारी शामिल थे, जो तीन से चार वाहनों में सवार होकर अचानक ट्राइडेंट के धौला प्लांट पहुंचे। टीम ने प्लांट और आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।। इसके बाद टीम के सदस्य बिना कोई जानकारी साझा किए वहां से रवाना हो गए।
इस कार्रवाई से औद्योगिक और राजनीतिक दोनों ही हलकों में हलचलें पैदा हो गयी है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक राजिंदर गुप्ता हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) में शामिल हुए हैं। वह उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने आप का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद राज्य सरकार के अधीन प्रदूषण विभाग की यह कार्रवाई सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।
राज्यसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार राजिंदर गुप्ता 10वीं पास हैं। उनके नाम पर न तो कोई निजी कार दर्ज है, न ही कृषि योग्य भूमि और न ही कोई व्यावसायिक इमारत। उनका परिवार हालांकि 5,053 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिक है। इसमें 4,338.77 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 615.74 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। परिवार के पास करीब 11.99 करोड़ रुपये के आभूषण भी हैं।
गौरतलब है कि ट्राइडेंट जैसा बड़ा औद्योगिक समूह खड़ा करने वाले गुप्ता परिवार पर किसी भी प्रकार का कर्ज नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित