बैतूल , जुलाई 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सांईखेड़ा थाना पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबे की क्वाइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए भोपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 क्विंटल 38 किलोग्राम तांबे की क्वाइल और 35 हजार रुपये नकद सहित लगभग 3.80 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में सांईखेड़ा थाना पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। यह मामला 8-9 जुलाई की रात राष्ट्रीय राजमार्ग-47 स्थित रायसेड़ा आरटीओ बैरियर के पास निर्माणाधीन बायोमास कंपनी के लिए लगाए गए नए ट्रांसफार्मर से ऑयल और तांबे की क्वाइल चोरी से जुड़ा है। कंपनी के सुपरवाइजर सागर देशमुख की शिकायत पर थाना सांईखेड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस भोपाल पहुंची। इसी बीच हरदा जिले की टिमरनी थाना पुलिस ने इसी प्रकार की चोरी के एक अन्य मामले में भोपाल निवासी बबलू, शहजाद उर्फ सलीम और शफीक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। बैतूल पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने सांईखेड़ा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तांबे की क्वाइल चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई क्वाइल बरामद कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी सुरजीत के कब्जे से लगभग 40 किलोग्राम तांबे की क्वाइल और 35 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। उसे वैधानिक नोटिस देकर छोड़ दिया गया। घटना में प्रयुक्त कार पहले ही टिमरनी थाना पुलिस द्वारा जब्त की जा चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी भूरा उर्फ सद्दू की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने नागरिकों से ट्रांसफार्मरों, निर्माणाधीन स्थलों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित