वॉशिंगटन , अगस्त 11 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर बच्चों के लिए अनुशंसित टीकों की सूची सीमित कर दी है।
उन्होंने सोमवार को 'डिलीवरिंग गोल्ड स्टैंडर्ड चाइल्डहुड वैक्सीन रिकमेंडेशंस फॉर अमेरिकन्स' नामक आदेश जारी किया। यह कदम दिसंबर 2025 के राष्ट्रपति ज्ञापन और मई 2026 के कार्यकारी आदेश पर आधारित है, जिसका उद्देश्य अमेरिकी टीकाकरण सारिणी को अन्य देशों की विधियों के अनुकूल बनाना है।
इस आदेश के तहत खसरा, मम्प्स, रूबेला, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी, पोलियो, हीमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप बी, न्यूमोकोकल रोग, ह्यूमन पैपिलोमावायरस और चिकनपॉक्स के टीकों को सभी बच्चों के लिए अनुशंसित रखा गया है।
दूसरी श्रेणी में उच्च जोखिम वाले समूहों के लिए आरएसवी मोनोक्लोनल एंटीबॉडीज, हेपेटाइटिस ए, हेपेटाइटिस बी, मेनिंगोकोकल बी, मेनिंगोकोकल एसीडब्ल्यूवाई और डेंगू के टीके शामिल हैं। वहीं, हेपेटाइटिस ए, हेपेटाइटिस बी, रोटावायरस, इन्फ्लुएंजा और कोविड-19 के टीकों को अभिभावकों और डॉक्टरों के बीच साझा निर्णय की तीसरी श्रेणी में रखा गया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि एमएमआर के संयुक्त टीके की जगह भविष्य में तीन अलग-अलग टीके दिये जाएं और बच्चों को एक साथ कई टीके लगाने के बजाय अलग-अलग दौरों में टीके दिये जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित