वॉशिंगटन , मार्च 03 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार आज जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से ह्वाइट हाउस में मुलाकात की।

'द गार्जियन' के अनुसार श्री ट्रम्प ने ईरान पर सैन्य अभियान की कामयाबी के बारे में उन्हें बताया। ईरानी शासन के बारे में बात करते हुए श्री ट्रम्प ने कहा, "उनके पास अब कोई नौसेना नहीं है, उसे नष्ट कर दिया गया है। उनके पास कोई वायु सेना नहीं है, उसे भी नष्ट कर दिया गया है। उनके पास हवाई खतरों को पहचानने वाली कोई तकनीक (एयर डिटेक्शन) नहीं बची है, उसे खत्म कर दिया गया है। उनका रडार सिस्टम तबाह हो चुका है और लगभग सब कुछ खत्म हो चुका है।"उन्होंने आगे कहा, "हम बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।"वहीं जर्मनी की संघीय सरकार की आधिकारिक वेबसाइट 'बुन्डेस-रेगीरुंग डॉट डीई' के अनुसार, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने बातचीत के सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, "हम इस बात पर सहमत हैं कि यह युद्ध कितना भयानक है, और हम इसे समाप्त करने के तरीके खोज रहे हैं।"इस दरमियान उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के पास रूसी राष्ट्रपति को प्रभावित करने और उन्हें यूक्रेन में युद्धविराम के लिए सहमत करने की शक्ति है। यह जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच पहली व्यक्तिगत मुलाकात थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित