वाशिगंटन , अप्रैल 03 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान को चेतावनी दी है कि वह ईरान के और भी पुलों और बिजलीघरों को तबाह कर देंगे। उन्होंने ईरान से कहा है कि जो 'किया जाना चाहिए', उसे 'तेजी' से करे।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उनकी शर्तें नहीं मानी तो वह उनके नागरिक बुनियादी ढांचे - जैसे पुलों और विद्युत पावर प्लांट्स को निशाना बनाकर तबाह कर देगा।
श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिकी सेना ने 'ईरान में अभी तक नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू नहीं की है' और कहा 'पहले पुल, फिर पावर प्लांट्स' को लक्ष्य बनाया जाएगा। उन्होंने लिखा, "अगला नंबर पुलों का है, फिर बिजलीघरों का! ईरान के नए शासन को पता है कि क्या किया जाना चाहिए और इसे तेजी से करना होगा।"श्री ट्रंप की यह चेतावनी एक बड़े अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अब ईरानी सैन्य ठिकानों के बजाय नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें स्टील प्लांट, बिजलीघर और दवा कंपनियों पर हमले शामिल हैं। श्री ट्रंप ने अमेरिकी सेना को दुनिया की 'सबसे शक्तिशाली' बताते हुए कहा कि उन्होंने तो अभी ईरान में तबाही शुरू ही नहीं की है।
इससे पहले गुरुवार रात श्री ट्रंप ने ईरान के 'सबसे बड़े पुल' को नष्ट करने की घोषणा की थी और चेतावनी दी थी कि इससे पहले कि बहुत देर हो जाए और इस देश में कुछ भी न बचे ईरान को समझौता कर लेना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित