अबूजा , मई 16 -- नाइजीरिया-अमेरिका की सेनाओं ने संयुक्त सैन्य अभियान में खूंखार आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) के वैश्विक स्तर पर दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है।
नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टिनूबू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इस सफल अभियान की पुष्टि करते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धि करार दिया है।
लेक चाड बेसिन में स्थित आतंकवादी ठिकाने पर किये गये इस सटीक प्रहार में अल-मिनुकी के साथ उसके कई साथी भी मारे गये हैं।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति टिनूबू ने इस कामयाबी पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नाइजीरियाई सशस्त्र बलों ने अमेरिकी सेना के साथ मिलकर इस बेहद साहसी अभियान को अंजाम दिया है। इसने इस्लामिक स्टेट की कमर तोड़ दी है।
राष्ट्रपति ने इस साझा सुरक्षा लक्ष्य को हासिल करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के अटूट समर्थन और उनके नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस मिशन में शामिल दोनों देशों के सैन्य कर्मियों के पेशेवर रुख और साहस की सराहना करते हुए कहा कि वह देश भर में आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ और भी निर्णायक कार्रवाई के लिए तत्पर हैं।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी (जिसे अबू-मैनोक के नाम से भी जाना जाता था) को अमेरिका ने 2023 में 'विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी' घोषित किया था। वह अफ्रीका में विशेष रूप से लेक चाड बेसिन और साहेल क्षेत्र में सक्रिय 'इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस' के माध्यम से आतंकवादी नेटवर्क चला रहा था। हाल के समय में इस समूह ने नाइजीरिया और पड़ोसी देशों में कई घातक हमलों को अंजाम दिया था, जिसमें पिछले महीने अडामावा राज्य में हुआ हमला भी शामिल है।
वर्ष 2019 में अबू बक्र अल-बगदादी के मारे जाने के बाद अल-मिनुकी की मौत को आईएसआईएस के लिए अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित