मास्को , मई 16 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की चीन यात्रा की समाप्ति के तुरंत बाद रूस ने राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के 19 मई से दो दिन के लिए चीन जाने के कार्यक्रम की घोषणा की है।

पुतिन सरकार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि श्री पुतिन 19 से 20 मई तक चीन की आधिकारिक यात्रा पर होंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच "व्यापक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत" बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शिखर बैठक करेंगे। वह बीजिंग में अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री ली कियांग के साथ आर्थिक और व्यापारिक सहयोग पर भी बातचीत करेंगे।

रूस की समाचार एजेंसी तास की एक रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति पुतिन की चीन यात्रा दोनों देशों के बीच 2001 में हुई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय "सद्भावना और मैत्रीपूर्ण सहयोग संधि" की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।

राष्ट्रपति श्री ट्रम्प इसी सप्ताह चीन की यात्रा पूरी कर अमेरिका लौट चुके हैं। लगभग एक दशक में किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन की यह पहली यात्रा थी। इससे पहले श्री ट्रम्प अपने पहले कार्यकाल में नवंबर 2017 में चीन गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित