न्यूयॉर्क , जून 14 -- 'नो किंग्स' आंदोलन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 80वें जन्मदिन के जश्न और ह्वाइट हाउस के दक्षिणी लॉन में होने वाले अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफसी) के विरोध में आज एक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का एलान किया है।

'कमेटी फॉर द फर्स्ट अमेंडमेंट' (सीएफए) की सह-प्रस्तुति में होने वाला यह कार्यक्रम अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के मद्देनजर लोकतांत्रिक लेखा-जोखा पेश करेगा, जो स्थानीय समयानुसार आज शाम साढ़े सात बजे (भारतीय समयानुसार 15 जून की सुबह पांच बजे) शुरू होगा।स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य आकर्षण न्यूयॉर्क के 'द टाउन हॉल' में होने वाला 90 मिनट का कॉन्सर्ट है, जिसमें बेट मिडलर, पैटी स्मिथ, जेन फोंडा, रूफस वेनराइट और जॉय रीड जैसी हस्तियां शामिल हो रही हैं।

दूसरी तरफ राष्ट्रपति ट्रंप अपने इस जन्मदिन को 'यूएफसी फ्रीडम 250' के रूप में मना रहे हैं। इसके लिए ह्वाइट हाउस के दक्षिणी लॉन में ऑक्टागन अखाड़ा बनाया गया है। इसमें 4,000 विशेष मेहमान जुटेंगे और एलिप्स मैदान के फैन फेस्टिवल में 1,00,000 लोगों के आने की उम्मीद है।इस खेल आयोजन में लाइटवेट चैंपियन इलिया टोपूरिया और अंतरिम चैंपियन जस्टिन गैथ्जे के बीच खिताबी मुकाबला होगा, जिसकी भारी मांग को देखते हुए ह्वाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंगल ने इसे इतिहास का सबसे महान खेल आयोजन बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित