नयी दिल्ली , मई 13 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आगे झुकना बंद कर तत्काल रूस से तेल एवं गैस खरीदना शुरू करना चाहिए।
श्री केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन कर रूस से गैस लेकर भारत आ रहे एक जहाज को केंद्र सरकार की ओर से वापस लौटाने पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा , "आप, ट्रम्प के आगे झुकना बंद कीजिए और तत्काल रूस से तेल तथा गैस खरीदना शुरू कीजिए। एक तरफ तो आप देश को पेट्रोल, डीजल और गैस बचाने की सलाह दे रहे हैं और दूसरी तरफ रूस तेल-गैस दे रहा है तो लेने से मना कर रहे हैं, क्यों? "उन्होंने कहा कि पूरे देश में अफवाह फैली हुई है कि अडानी को बचाने और एपस्टीप फाइल में नाम आने से मोदी बहुते डरे हुए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री से पूछा कि आप ट्रम्प के सामने क्यों झुके हुए हैं? देश के 140 करोड़ लोगों का हित जरूरी है या ट्रम्प जरूरी है। पूरी दुनिया में किसी देश का नेता ट्रम्प की बात नहीं मान रहा है, सिर्फ हमारे प्रधानमंत्री ट्रम्प की बात क्यों मान रहे हैं? चारों तरफ अफवाह फैली हुई है कि एपस्टीन फाइल के अंदर मोदी का नाम आया है इसलिए मोदी जी डरे हुए हैं। चारों तरफ अफवाह फैली हुई है कि अडानी को बचाना है, इसलिए प्रधानमंत्री डरे हुए हैं।
आप नेता ने कहा, " मुझे नहीं पता है कि आपका क्या व्यक्तिगत कारण है। लेकिन अगर मोदी अपने व्यक्तिगत दबाव को झेलने की क्षमता नहीं रखते हैं तो इस्तीफा दे दीजिए। भारत 140 करोड़ बहादुर लोगों का देश है। भारत ने बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दी है। हमारे देश में ऐसे बहुत लोग हैं, जो ट्रम्प के सामने खड़े होकर उसकी आंखों में आंखे मिलाकर जवाब देने की हिम्मत रखते हैं। देश के लोग ऐसे व्यक्ति प्रधानमंत्री बनाएंगे, जो ट्रम्प को उसकी भाषा में जवाब दे।"श्री केजरीवाल ने कहा कि भारत 140 करोड़ आबादी वाला एक महान देश है। ट्रम्प को हमारी जरूरत है। अमेरिका को हमारी जरूरत है। दुनिया का सबसे बड़ा बाजार भारत के अंदर है। अमेरिका को अपना माल बेचने के लिए भारत की जरूरत है। अमेरिका की 10 कंपनियों को देश से बाहर निकाल दीजिए, ट्रम्प की अक्ल ठिकाने आ जाएगी। प्रधानमंत्री को देश को बताना चाहिए कि भारत रूस से तेल क्यों नहीं खरीद रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित