धार , मई 13 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धामनोद थाना पुलिस ने एबी रोड पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की 514 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त कर गुजरात के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर की ओर से एक ट्रक में अवैध शराब की खेप धामनोद होते हुए गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एबी रोड स्थित खलघाट टोल प्लाजा और राजपूताना ढाबा के बीच नाकाबंदी कर ट्रक क्रमांक जीजे 01 डीटी 8283 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में सफेद रंग की बोरियों में पशु आहार भरा मिला। बोरियों को हटाकर देखने पर भीतर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां पाई गईं। पुलिस ने चालक से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस ने ट्रक से कुल 514 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की, जिनमें ब्ल्यू स्ट्रोक व्हिस्की की 157 पेटी, अंकल टॉम मिंट जामुन फ्लेवर वोडका की 92 पेटी, अंकल टॉम ग्रीन एप्पल वोडका की 99 पेटी तथा इम्पीरियल स्टाइल व्हिस्की की 166 पेटियां शामिल हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल पिता राजूभाई मकवाना निवासी पोरबंदर, गुजरात को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक जयकिशन रायकवार, उपनिरीक्षक राहुल चौहान, आरक्षक रविन्द्र जमरे, मनीष राठौर तथा यातायात चौकी खलघाट के पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित