अलवर , सितम्बर 29 -- राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में दिवाकरी मुल्ताननगर में मंगलवार को ट्रक से गिरने से चालक की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक कुलवंत सिंह (27) सुबह अपने घर के पास खड़े ट्रक पर चढ़कर उसके ऊपर तिरपाल बिछा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जमीन पर आ गिरा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आयी और वहां मौजूद लोग उसे निजी अस्पताल ले गये।
सूत्रों ने बताया कि निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने कुलवंत को अलवरके राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव शवगृह में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित