हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अंसारी मार्किट स्थित हुसैनिया मस्जिद में खिदमत करने वाले नूर मोहम्मद उर्फ नूरा प्रतिदिन की तरह आज सुबह मस्जिद जा रहे थे। इसी दौरान अंदरूनी बाजार में पहुंचे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

चौकी प्रभारी रेल समीप पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान कर ली गई है। चालक जनपद पीलीभीत का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक गूगल मैप के सहारे चलते हुए गलती से अंदरूनी बाजार क्षेत्र में पहुंच गया था।

पुलिस के अनुसार परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित