भोपाल , सितंबर 30 -- ट्रक लूट के लिए ड्राइवर और क्लीनर की हत्या के मामले में भोपाल जिला अदालत ने मुख्य आरोपी आदेश खामरा और जयकरण प्रजापति को दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। नवम अपर सत्र न्यायाधीश आशुतोष शुक्ल ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए दोनों पर विभिन्न धाराओं में अर्थदंड भी लगाया। लूटे गए ट्रकों को छिपाने और ठिकाने लगाने में मदद करने वाले साहब सिंह उर्फ बलजिंदर सिंह और सुनील खटीक को तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड से दंडित किया गया है।
विशेष लोक अभियोजक एवं जिला अभियोजन अधिकारी डॉ. रामकुमार खत्री ने बताया कि आदेश खामरा और जयकरण प्रजापति को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के दो मामलों में दोहरे आजीवन कारावास के साथ एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा दी गई है। इसके अलावा धारा 365/120बी और 397/120बी में सात-सात वर्ष, धारा 414/120बी और 201/120बी में तीन-तीन वर्ष तथा धारा 482/120बी में एक-एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है।
मामला जून 2018 में सामने आया था। अशोका गार्डन थाने में संत शरण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ड्राइवर राजेश पंवार और क्लीनर नूर खां ट्रक क्रमांक एमपी 04 एचई 8073 लेकर गए थे, लेकिन बाद में दोनों और ट्रक का पता नहीं चला। जांच के दौरान मिसरोद पुलिस ने ट्रक लूट के मामले में संदिग्धों से पूछताछ की और बिहार से दो ट्रक बरामद किए। एफएसएल जांच में इनमें से एक ट्रक अशोका गार्डन से गायब वाहन निकला।
पुलिस जांच में सामने आया कि आदेश खामरा और जयकरण प्रजापति ने ट्रक लूटने के बाद राजेश पंवार और नूर खां की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पहचान छिपाने के लिए शव चंदेरी और मुंगावली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए थे। शवों की हालत खराब होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में डीएनए जांच के जरिए दोनों की शिनाख्त हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मृतकों के आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और फोटो अपने पास रख लिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ये दस्तावेज बरामद किए। पुलिस के अनुसार चंदेरी और मुंगावली क्षेत्र में मिले शवों के पोस्टमार्टम में मृतकों की गर्दन पर गला घोंटने के निशान मिले थे। डीएनए जांच से शवों की पहचान राजेश पंवार और नूर खां के रूप में हुई।
विवेचना पूरी होने के बाद अशोका गार्डन पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया। अभियोजन द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज, वैज्ञानिक साक्ष्य और तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित