जालंधर , सितंबर 04 -- पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के यातायात पुलिसकर्मी के जांच के दौरान ट्रक चालक को थप्पड़ मारने के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को पुलिस लाइंस से अटैच कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गयी है।

जालंधर के सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) अजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कैंटोनमेंट क्षेत्र के पास यातायात पुलिस की ओर से नाका लगाया गया था। जांच के दौरान एक ट्रक को रोककर दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इस दौरान ट्रक चालक मोबाइल फोन पर अपना ड्राइविंग लाइसेंस पुलिसकर्मी को दिखा रहा था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जब ट्रक चालक ने पुलिसकर्मी से अपना मोबाइल फोन वापस लेने का प्रयास किया तो दोनों के बीच बहस हो गयी। इसी दौरान गुस्से में यातायात पुलिसकर्मी ने ट्रक चालक को थप्पड़ मार दिया।

श्री सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी का इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अनुचित और अस्वीकार्य है। पुलिस कर्मचारियों से आम लोगों के साथ ड्यूटी के दौरान संयम, पेशेवर रवैये और शालीन व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को पुलिस लाइंस से अटैच कर दिया गया है तथा निर्धारित नियमों के अनुसार उसके खिलाफ आगे विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने स्पष्ट किया कि आम जनता के साथ पुलिस कर्मचारियों द्वारा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या अनुचित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित