शिलांग , अक्टूबर 07 -- मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है कि सरकार ट्रक चालकों से अवैध धन वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और जहां भी प्रशासनिक अनियमितताएं साबित होंगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्रक चालकों से रंगदारी रैकेट को लेकर ईस्ट खासी हिल्स के उपायुक्त अभिलाष बरनवाल और पुलिस अधीक्षक विवेक सईम को हटाने की खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) की मांग के बीच श्री संगमा ने कहा कि जब भी सरकार को इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना मिलती है तो अतीत में भी कार्रवाई की गई है और भविष्य में भी की जाएगी।

शिलांग बाईपास रोड के मावखानू और थांगशालाई इलाकों में पुलिसकर्मियों के चलाए जा रहे ट्रक चालकों से रंगदारी रैकेट का केएसयू के पर्दाफाश किए जाने के बाद पुलिस विभाग ने चार कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया तथा देंगपासोह पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी का तबादला कर दिया और मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

पुलिसकर्मियों पर जबरन वसूली के आरोपों के तहत मामला दर्ज करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच करनी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित