ग्वालियर , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के मोहना थाना क्षेत्र में ट्रक चला रहे एक चालक के बैंक खाते से चार बार में चार लाख 51 हजार 758 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार ठगी के दौरान न तो उसके पास कोई फोन आया और न ही उसने किसी को ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा की।
मोहना निवासी ईशूपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 15 अगस्त को ट्रक क्रमांक आरजे 11-जीडी-9018 लेकर इंदौर में था। दोपहर 1:12 से 1:25 बजे के बीच उसके मोबाइल पर बैंक से रकम निकाले जाने के चार संदेश आए। पहले लेनदेन में एक लाख 50 हजार, दूसरे में एक लाख 35 हजार 859, तीसरे में एक लाख 16 हजार और चौथे में 49 हजार 899 रुपये खाते से निकाले गए।
ईशूपाल के अनुसार उसने इनमें से कोई लेनदेन नहीं किया था और न ही किसी से फोन पर बातचीत कर बैंक संबंधी जानकारी साझा की थी। उसे घटना का पता ट्रक को ढाबे पर रोकने के बाद चला। इसके बाद उसने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रकम निकाले जाने की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित