सीहोर , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में नेशनल हाईवे-46बी पर मिडघाट के पास बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार आइसर ट्रक सड़क किनारे खराब खड़े डंपर से टकरा गया। दुर्घटना में डंपर चालक और ट्रक में सवार एक मासूम की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह लगभग चार बजे हुआ। तकनीकी खराबी के कारण डंपर हाईवे किनारे खड़ा था और उसका चालक उसे ठीक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे आइसर ट्रक ने डंपर के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

दुर्घटना में डंपर चालक प्रदीप पाल (लगभग 30 वर्ष), निवासी नागोरी, थाना सांची, जिला रायसेन की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं ट्रक में सवार करीब आठ-नौ वर्षीय राजवीर नागवंशी, निवासी परासिया, जिला छिंदवाड़ा की भी जान चली गई। हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया गया। बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित