होशियारपुर , जून 02 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के मुकेरियां में मंगलवार शाम एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पंडोरी गांव निवासी परमजीत कौर और करमजीत कौर मुकेरियां से अपने गांव वापस लौट रही थीं। दोनों महिलाएं एक्टिवा स्कूटर पर सवार थीं। जब वे मुकेरियां के आर्मी ग्राउंड के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटर ट्रक के नीचे आ गया और दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद स्कूटर और परमजीत कौर ट्रक में फंस गए थे। ट्रक चालक वाहन को करीब 250 मीटर तक घसीटता ले गया, जिसके बाद ट्रक को रोका गया। इस संबंध में मामला दर्ज किया जा रहा है और ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की आगे जांच जारी है। दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मुकेरियां की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित