संतकबीरनगर , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर डीघा बाईपास के पास शाम करीब पांच बजे हुआ। मृतका की पहचान महुली थाना क्षेत्र के ग्राम भिनखिनी कला निवासी श्यामा त्रिपाठी (पत्नी अंगद त्रिपाठी) के रूप में हुई है। बताया गया कि श्यामा त्रिपाठी अपनी बहन के बेटे के साथ गोरखपुर दवा लेने गई थीं और वहां से वापस लौट रही थीं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि डीघा बाईपास के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात प्रभारी परमहंस ने यातायात सुचारु कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित