हरदोई , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार पाली कस्बे के काजी सराय मोहल्ला निवासी मजदूर ट्रैक्टर-ट्राली में इंटरलॉकिंग ईंट लादकर शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद गए थे। वहां से लौटते समय पाली थाना इलाके में गंगा एक्सप्रेसवे पर पोल संख्या 280.8 के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर सवार दो मजदूर और चालक पवन पुत्र केशराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सवायजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया।

चालक पवन को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया गया कि हादसे के दौरान ट्रैक्टर से नीचे कूदने के बाद ट्रैक्टर पलट गया और उसकी टांग उसके नीचे दबकर बुरी तरह कुचल गई। दोनों मृतक काजी सराय मोहल्ले के निवासी थे। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित