अलवर , मार्च 16 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रविवार देर शाम ट्रक से टकराकर कार पलटने से पांच लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही कार इंदपुर और मालपुर के बीच शाम करीब छह बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बगल से टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस पर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों के परिजन मोदीनगर (गाजियाबाद) ले गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों में रमेश (47), गगन सिंघल (40), परवीन गोयल (48), मुकेश गोयल (42) और अंकित राणा (35) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी घायल बालाजी के दर्शन करके अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में यह घटना हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित