कांकेर , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग पर ग्राम टेकाढ़ोडा (साल्हे) के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार लौह अयस्क लदे ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद ट्रक चालक ने भागने के चक्कर में दोनों युवकों को 50 मीटर तक घसीटा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक बाइक समेत ट्रक के सामने के हिस्से में फंस गया, जबकि दूसरा युवक ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गया। इस दौरान ट्रक ने रुकने की बजाय दोनों को घसीटना जारी रखा। एक युवक की तत्काल मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

दोनों मृतक ग्राम साल्हे के निवासी बताए जा रहे हैं, जो भानुप्रतापपुर की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कच्चे पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। बाइक और शव को ट्रक के नीचे से निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी। इस दुर्घटना के बाद मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित