देहरादून , मई 06 -- उत्तराखंड के देहरादून में बुधवार सुबह दैनिक मजदूरी पर काम की तलाश में खड़े एक व्यक्ति को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन वहीं छोड़कर भाग गया। मृतक बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह थाना वसन्त विहार पर 112 से सूचना प्राप्त हुई कि कांवली रोड गोविंदगढ़ पुल के पास एक ट्रक ने अज्ञात व्यक्ति को कुचल दिया है। सूचना पर थाना पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। मौके पर ट्रक संख्या यूके 07 सीबी 7123 के चालक द्वारा एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस को मौके पर पूछताछ करने पर मृतक का नाम सकल देव साहनी (55) पुत्र दयाराम साहनी निवासी शिपनगर थाना सेयारा, जिला सीतामढ़ी, बिहार है। वह हाल पता कालिंदी एनक्लेव में रहता है।

बताया जाता है कि सकल देव मजदूरी का कार्य करता था। जो अपने साथियों के साथ सुबह मजदूरी पर जाने के लिए उक्त स्थान पर खड़ा था। पुलिस द्वारा मौके से मृतक के शव को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराने के लिए कोरोनेशन अस्पताल भिजवाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित