मुंबई , अक्टूबर 06 -- ईंधन की लागत बढ़ने से सितंबर महीने में सालाना आधार पर ट्रकों का किराया सालाना आधार पर 13 प्रतिशत तक बढ़ गया।
श्रीराम फाइनेंस की ओर से मंगलवार को जारी श्रीराम मोबिलिटी रिपोर्ट के अनुसार, ट्रैक किये गये सभी प्रमुख मार्गों पर साल-दर-साल आधार पर किराये ऊंचे बने रहे। दिल्ली-कोलकाता-दिल्ली मार्ग पर किराये में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। इसके बाद बेंगलुरु-मुंबई-बेंगलुरु मार्ग पर 11 प्रतिशत और कोलकाता-गुवाहाटी-कोलकाता मार्ग पर 10 प्रतिशत का स्थान रहा। अन्य मार्गों पर किराये में चार प्रतिशत से नौ प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई।
वाहनों की बिक्री के रुझानों में सितंबर में क्रमिक बढ़ोतरी दिखी। कोर सेक्टर के सेगमेंट सबसे आगे रहे। निर्माण उपकरणों की बिक्री में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद अर्थ-मूविंग उपकरण (17 प्रतिशत) और माल ढोने वाले वाहन (13 प्रतिशत) का स्थान रहा। मोटरसाइकिल/स्कूटर और मोटर कारों की बिक्री में चार-चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कृषि के लिए ट्रैक्टरों की बिक्री में 15 प्रतिशत और वाणिज्यिक ट्रैक्टरों की बिक्री में 22 प्रतिशत की गिरावट आई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित