वॉशिंगटन , अप्रैल 26 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' में हुई गोलीबारी की निंदा करते हुए कहा है कि इस घटना ने राष्ट्रपति भवन की प्रस्तावित 'बॉल रूम' की सुरक्षा सुविधाओं में और अधिक सुधार की आवश्यकता को साबित कर दिया है।

श्री ट्रंप की यह टिप्पणी उन पर हुए हमले के प्रयास के बाद आयी है। एक्सियोस के अनुसार, शनिवार रात (भारतीय समयानुसार रविवार की सुबह) कार्यक्रम स्थल के बाहर एक बंदूकधारी द्वारा की गई गोलीबारी के बाद ट्रंप को 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' से सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत सुरक्षा घेरा (लॉकडाउन) लगा दिया गया। गोलीबारी के बाद ह्वाइट हाउस में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में 'वॉशिंगटन हिल्टन' होटल के बारे में श्री ट्रंप ने कहा, "यह कोई खास सुरक्षित इमारत नहीं है। मैं यह कहना तो नहीं चाहता था, लेकिन यही कारण है कि हमें ह्वाइट हाउस में उन सभी सुविधाओं की आवश्यकता है, जिसकी हम योजना बना रहे हैं।"एक नये बॉलरूम कॉम्प्लेक्स की अपनी योजनाओं का जिक्र करते हुए, जिसमें वर्तमान 'ईस्ट विंग' के नीचे एक मजबूत भूमिगत बंकर भी शामिल होगा, उन्होंने कहा, "इसीलिए हमें उन सभी विशेषताओं की आवश्यकता है, जो हम ह्वाइट हाउस के लिए तय कर रहे हैं।"अमेरिकी नेता ने इस गोलीबारी को हत्या के प्रयासों के व्यापक पैटर्न का हिस्सा बताया। उन्होंने 2024 के अभियान के दौरान और उसके बाद अपने पर हुए पिछले हमलों का हवाला दिया। श्री ट्रंप इससे पहले पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली के दौरान और कुछ महीनों बाद अपने फ्लोरिडा गोल्फ कोर्स में हुई गोलीबारी की घटनाओं में सुरक्षित बच चुके हैं।

श्री ट्रंप ने तर्क दिया कि हाई-प्रोफाइल हस्तियों को बढ़ते खतरों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "आज हमें सुरक्षा के उस स्तर की आवश्यकता है जैसा शायद पहले किसी ने नहीं देखा होगा।"उन्होंने कहा कि हमलावर अक्सर 'सबसे प्रभावशाली लोगों' को निशाना बनाते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए यह भी कहा, "मुझे यह कहते हुए अच्छा नहीं लग रहा कि मैं इससे सम्मानित महसूस कर रहा हूं, लेकिन (शायद इसलिए क्योंकि) मैंने बहुत काम किया है।"अपने पहले कार्यकाल के दौरान इस आयोजन से दूरी बनाने के बाद, यह पहली बार था जब ट्रंप 'ह्वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' में शामिल हुए थे। पत्रकारों, राजनेताओं और सार्वजनिक हस्तियों के इस बड़े वार्षिक जमावड़े के बारे में श्री ट्रंप ने कहा कि गोलीबारी से पहले, उनका इरादा उन सभी मीडिया संस्थानों पर हमला बोलने (आलोचना करने) का था, जिन्होंने उनके प्रशासन की अनुचित आलोचना की है। घटना के बाद रद्द किये गये इस डिनर को अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जायेगा, इसकी जानकारी श्री ट्रंप ने रविवार रात 'ट्रुथ सोशल' पर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित