वाशिंगटन , नवंबर 10 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की है कि एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसेन हुआंग और चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने के संदेह वाली एक महिला व्यवसायी के बीच कथित संबंधों की जांच एफबीआई कर रही है।
उन्होंने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि उनका मानना है कि दिग्गज टेक अरबपति चीन की उस महिला के संबंधों से अनजान था।
श्री ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का यह मानना था कि एनवीडिया के प्रमुख को एक चीनी जासूसी अभियान के तहत निशाना बनाया गया था। इन रिपोर्टों के बाद उन्होंने सोमवार को टेलीफोन पर हुआंग से बात की थी।
श्री ट्रंप ने कहा, "मैंने उनसे यह सवाल पूछा, 'क्या आपको कोई अंदाजा था कि वह एक जासूस है?' उन्होंने कहा, 'मुझे कोई अंदाजा नहीं था कि वह एक जासूस है' और मुझे वास्तव में उनकी बात पर विश्वास है।"राष्ट्रपति ने बाद में ह्वाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में इस बात की पुष्टि की कि एफबीआई इस मामले की जांच कर रही है, उन्होंने जांच के बारे में या यह कब शुरू हुई, इसके कोई विवरण नहीं दिए। श्री ट्रंप ने कहा, "मैं जानता हूं कि एफबीआई इस मामले की जांच कर रही है।" उन्होंने हुआंग को एक "सम्मानित व्यक्ति" बताया और विश्वास व्यक्त किया कि वह इन जांचों से बेदाग बाहर आएंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि कोई समस्या नहीं होगी। मेरा मानना है कि वह बहुत कष्ट सह रहे हैं।" ये आरोप सिंगापुर स्थित प्रौद्योगिकी कंपनी 'मेगास्पीड' की पूर्व प्रबंध निदेशक एलिस हुआंग (जिसे हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है) से जुड़े हैं, जिसके एनवीडिया के साथ व्यावसायिक संबंध रहे हैं। उनका जेनसेन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का मानना है कि एलिस हुआंग को बीजिंग द्वारा जानकारी जुटाने और चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर बेचने के एनवीडिया के प्रयासों को प्रभावित करने के लिए भर्ती किया गया था। अखबार ने रिपोर्ट दी कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस वर्ष वसंत में अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों को गोपनीय ज्ञापन भेजा था, जिसमें उन्हें जेनसेन हुआंग के चीनी जासूसी से जुड़ी उस महिला के साथ संबंधों को लेकर आगाह किया गया था।
श्री ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस रिश्ते के बारे में 'कुछ समय पहले' पता चल गया था, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें इन आरोपों की जानकारी सबसे पहले कब मिली थी।
चीनी सरकार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है और अपने विदेश मंत्रालय के माध्यम से इन्हें 'पूरी तरह से आधारहीन, अनुमानित और चीन को बदनाम करने के इरादे से प्रेरित' बताया है। एनवीडिया ने इस मामले की एक स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि कंपनी के रहस्यों या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की जानकारी से कोई समझौता किया गया है।
हुआंग ने पिछले सप्ताह स्वीकार किया था कि वह अपनी पत्नी के प्रति "बेवफा" रहे हैं और अपनी पत्नी तथा बच्चों को पहुंचाए गए दुख के लिए माफी मांगी। सोमवार को उन्होंने कहा कि वह कंपनी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जांच में सहयोग करेंगे। यह विवाद अब अदालतों तक भी पहुंच गया है। सोमवार को कैलिफोर्निया में दायर एक प्रस्तावित क्लास-एक्शन मुकदमे में हुआंग और एनवीडिया को नामजद किया गया है, जिसमें उन पर एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों को छिपाकर शेयरधारकों को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है।
मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि एनवीडिया ने उनकी बातचीत की प्रकृति को गलत तरीके से पेश किया और उस महिला पर कंपनी के उत्पादों को चीन में तस्करी कर ले जाने में मदद करने की कोशिश करने का संदेह था। इन खुलासों का कंपनी के बाजार मूल्य पर तुरंत प्रभाव पड़ा है, जिससे सोमवार को एनवीडिया के मूल्यांकन से लगभग 250 अरब अमेरिकी डॉलर कम हो गए और इसके शेयरों में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
एप्पल के बाद एनवीडिया दुनिया की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी है और वैश्विक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआईI) उद्योग के केंद्र में आ गई है। इसके उन्नत प्रोसेसर एआई बूम के पीछे की अधिकतर तकनीक को संचालित करते हैं, जिससे हुआंग वैश्विक तकनीकी क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली अधिकारियों में से एक बन गए हैं। 1993 में हुआंग और दो अन्य इंजीनियर सहयोगियों की स्थापित यह कंपनी शुरू में गेमिंग उद्योग के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसर में विशेषज्ञता रखती थी, बाद में इसने कृत्रिम बुद्धिमता की ओर रुख किया, जिस कदम ने इसे एक तकनीकी महाशक्ति में बदल दिया।
इसके चिप्स अमेरिका-चीन तकनीकी प्रतिस्पर्धा में भी एक बड़ा विवाद का बिंदु बन गए हैं। अमेरिका ने इस चिंता के कारण चीन को उन्नत एनवीडिया प्रोसेसर के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है कि वे चीन की सैन्य और निगरानी क्षमताओं को मजबूत कर सकते हैं। हुआंग ने चीन को चिप की बिक्री पर व्यापक प्रतिबंधों का बार-बार विरोध किया है, और यह तर्क दिया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वैश्विक विकास के केंद्र में अमेरिकी तकनीक को बने रहना चाहिए। ट्रंप प्रशासन ने जनवरी में घोषणा की थी कि एनवीडिया कुछ शर्तों के तहत अनुमोदित चीनी ग्राहकों को अपने एच200 प्रोसेसर बेच सकती है। जीबी200 ब्लैकवेल सुपरचिप सहित अधिक उन्नत उत्पाद चीनी बाजार के लिए प्रतिबंधित बने हुए हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दोनों नेताओं की अगली मुलाकात के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इन आरोपों को उठाएंगे। श्री ट्रंप ने पहले चेतावनी दी थी कि चीन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता में बढ़त लेने की अनुमति देने से उसकी सैन्य और निगरानी क्षमताएं काफी मजबूत हो सकती हैं।
इस बीच हुआंग को अगले सप्ताह कई संसदीय समितियों के साथ एक संयुक्त बंद कमरे की ब्रीफिंग में शामिल होने के लिए कहा गया है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह इस निमंत्रण को स्वीकार करेंगे या नहीं। सांसदों का यह अनुरोध एनवीडिया के विदेशी खुफिया अभियानों के खिलाफ सुरक्षा उपायों और एलिस हुआंग के साथ कंपनी प्रमुख की बातचीत के बारे में जवाब मांगता है, जिन्हें उन्होंने सार्वजनिक रूप से एक चीनी खुफिया एजेंट बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित