वाशिंगटन , अप्रैल 26 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वार्षिक 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान हुई गोलीबारी की घटना को अपने काम का हिस्सा करार देते हुए कहा कि यह एक 'खतरनाक पेशा' है।
श्री ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि होटल में गोलीबारी की घटना के बाद वह कार्यक्रम को जारी रखना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी।
सीबीएस न्यूज के मुताबिक, पुलिस हिरासत में मौजूद हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस निवासी कोल एलन (31) के रूप में हुई है। कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही संदिग्ध पर आरोप तय किए जाएंगे।
घटना का विवरण देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट को बहुत करीब से बंदूक से गोली मारी गई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई। उन्होंने कहा, "जब गोलियां चलीं, तब मैं काफी दूर था और हमलावर हॉल के दरवाजों के करीब भी नहीं पहुंच पाया था।" बाद में उन्होंने हमलावर को 'ठग' बताते हुए घटना का वीडियो भी जारी किया और सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी की तारीफ की।
रात करीब 8:30 बजे जब गोलियों की आवाज से हॉल गूँजा, तो वहां मौजूद मेहमानों में भगदड़ मच गई और लोग मेजों के नीचे छिपने लगे। सुरक्षा एजेंट तुरंत राष्ट्रपति और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को सुरक्षित बाहर ले गए। श्री ट्रंप ने उस पल को याद करते हुए कहा, "शुरुआत में मुझे लगा कि कोई ट्रे गिरी है, लेकिन वह बंदूक थी। मेलानिया को तुरंत अंदाजा हो गया था कि क्या हुआ है और हमें फौरन वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया।"सूत्रों के अनुसार, हमलावर के पास एक शॉटगन और एक हैंडगन थी। गिरफ्तारी के बाद उसने बताया कि वह प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाना चाहता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित