वाशिंगटन , फरवरी 22 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नेटफ्लिक्स से बोर्ड सदस्य सुसान राइस को हटाने की मांग की है और कंपनी को चेतावनी दी है कि वह "तुरंत" कार्रवाई करे वरना परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

'द हॉलीवुड रिपोर्टर' पत्रिका के अनुसार, उनकी यह टिप्पणी सुश्री राइस द्वारा हाल ही में एक पॉडकास्ट साक्षात्कार के दौरान की गयी टिप्पणियों के बाद आयी है।

श्री ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की गई एक पोस्ट में लिखा, "नेटफ्लिक्स को नस्लवादी और मेरे प्रति नफरत रखने वाली सुश्री सुसान राइस को तुरंत निकाल देना चाहिए, अन्यथा परिणाम भुगतने होंगे।" उन्होंने कहा कि उनके (सुसान) पास कोई प्रतिभा या कौशल नहीं है। वह पूरी तरह से एक राजनीतिक एजेंट हैं।

अमेरिका राष्ट्रपति की पोस्ट में राजनीतिक कार्यकर्ता लौरा लूमर के 'एक्स' संदेश का एक स्क्रीनशॉट भी शामिल था। सुश्री लूमर ने प्रीत बरारा द्वारा होस्ट किए गए 'स्टे ट्यून्ड विद प्रीत' पॉडकास्ट में सुश्री राइस की उपस्थिति पर प्रतिक्रिया दी थी। साक्षात्कार के दौरान, सुश्री राइस ने उन कंपनियों के बारे में चर्चा की थी जिनके बारे में उनका मानना था कि वे श्री ट्रम्प के साथ जुड़कर अपने अल्पकालिक स्वार्थ के लिए काम कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित