दावोस , जनवरी 22 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने तथाकथित बोर्ड ऑफ पीस का उद्घाटन करते हुए आज स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित हस्ताक्षर समारोह में 20 से अधिक अन्य देशों के नेताओं की उपस्थिति में इस बहुराष्ट्रीय निकाय के संस्थापक चार्टर पर हस्ताक्षर किए।

इसके परिचालन जनादेश और उद्देश्यों के बारे में कुछ विवरण देते हुए श्री ट्रंप ने पहले कहा था कि वह चाहते हैं कि बोर्ड मध्य पूर्व में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर काम करे। इसके साथ ही उन्होंने अन्य लक्ष्यों की ओर भी अस्पष्ट संकेत दिए।

पिछले साल अमेरिका की मध्यस्थता से गाजा शांति योजना के हिस्से के रूप में घोषित बोर्ड ऑफ पीस को आधिकारिक तौर पर एक अंतरराष्ट्रीय निकाय के रूप में स्थापित किया गया है, जिसकी अध्यक्षता अमेरिकी राष्ट्रपति करेंगे और जो युद्धग्रस्त फिलिस्तीनी क्षेत्र के पुनर्निर्माण की देखरेख करेगा।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, इसकी अध्यक्षता एक कार्यकारी समिति करेगी जिसमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, श्री ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा सहित अन्य लोग शामिल होंगे।

ट्रंप प्रशासन के अनुसार एशियाई और अफ्रीकी देशों के दर्जनों विश्व नेताओं ने इसमें भाग लेने के लिए अपनी सहमति दे दी है, हालांकि कुछ आपत्तियों, जिनमें से एक रूस और बेलारूस का निमंत्रण है, के कारण कई यूरोपीय देशों ने इस निकाय के सदस्य बनने से इनकार कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित