वॉशिंगटन , जुलाई 13 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि वाशिंगटन संभवतः होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण करने और इस महत्वपूर्ण जलमार्ग की सुरक्षा के लिए अन्य देशों से शुल्क वसूलने का प्रयास कर सकता है, क्योंकि ईरान के साथ बढ़ते तनाव के कारण समुद्री यातायात बाधित हो रहा है और व्यापक शांति समझौते तक पहुंचने के प्रयास जटिल हो गये हैं।

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जलडमरूमध्य में दीर्घकालिक सुरक्षा भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा , "हम जलडमरूमध्य को अपने पास रखेंगे और संभवतः इसे चलायेंगे। हम जलडमरूमध्य के संरक्षक बनेंगे। शायद हम इसे 'गार्जियन एंजेल ऑफ द स्ट्रेट' कहें। और इसके लिए हमारी भरपाई की जानी चाहिए।"उन्होंने कई बार दोहराया कि दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा शिपिंग मार्गों में से एक की रक्षा के लिए अमेरिका को मुआवजा दिया जाना चाहिए, एक ऐसा जलमार्ग जिस पर ईरान अपना अधिकार होने का दावा करता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से शिपिंग लेन के नियंत्रण को लेकर विवाद अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत में बड़ी बाधा बन गया है। गत 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किये जाने के बाद से इस मार्ग से समुद्री आवाजाही में भारी गिरावट आयी है।

अमेरिकी हमलों के नवीनतम दौर का जिक्र करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरानी ठिकानों को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा, "हमने बीती रात उन पर बहुत जोरदार हमला किया। जब भी वे कोई ड्रोन भेजते हैं, हम उन पर बहुत जोरदार हमला करते हैं... हमने उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया है।"श्री ट्रंप ने यह भी सुझाव दिया कि सुरक्षित ऊर्जा निर्यात से लाभ उठाने वाले खाड़ी देशों को इस क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता बनाये रखने की लागत को पूरा करने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "हम जलडमरूमध्य के संरक्षक बनेंगे। शायद हम इसे 'गार्जियन एंजेल ऑफ द स्ट्रेट' कहेंगे, और इसके लिए हमारी भरपाई की जानी चाहिए। जब हम ऐसा करेंगे, तो हमारी भरपाई की जायेगी, क्योंकि अन्य राष्ट्र बहुत अमीर हैं। वे हमारे पक्ष में हैं और हमसे यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि हम यह सब मुफ्त में करेंगे।"श्री ट्रंप ने कहा, "हमने 50 वर्ष या उससे भी अधिक समय तक जलडमरूमध्य की रक्षा की और हमें इसके लिए कभी भुगतान नहीं मिला। दूसरे देशों ने सारा पैसा कमाया। हमने मुफ्त में इसकी रक्षा की और अब हम इसकी रक्षा करने जा रहे हैं। इसकी रक्षा के लिए हमें भुगतान मिलेगा, बहुत सारा पैसा।"फारस की खाड़ी को वैश्विक शिपिंग मार्गों से जोड़ने वाला होर्मुज जलडमरूमध्य, ईरान से अमेरिका-इजरायल युद्ध से पहले अंतरराष्ट्रीय यातायात के लिए पूरी तरह खुला था।तभी से, ईरान ने कई जहाजों पर हमला किया है और चेतावनी दी है कि उसकी मंजूरी के बिना जलमार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, जिससे दुनिया के सबसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक में समुद्री यातायात में भारी गिरावट आयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित