वाशिंगटन , अप्रैल 25 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनके देश के साथ समझौते के पक्ष में न होने वाले ईरानी नेताओं की हत्या का समर्थन किया है।
वाशिंगटन पोस्ट के स्तंभकार मार्क थीसेन ने 'एक्स' पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें कहा गया है कि जो ईरानी नेता अमेरिका के साथ समझौते के पक्ष में नहीं हैं, उनकी हत्या कर दी जानी चाहिए। बाद में श्री ट्रंप ने इस संदेश को ट्रुथ सोशल पर साझा किया।
थीसेन के संदेश में कहा गया, " अगर ईरान में दो धड़े हैं, जिनमें से एक समझौता चाहता है और दूसरा नहीं, तो समझौता न चाहने वाले नेताओं को हमें मार देना चाहिए।"श्री ट्रंप के इस संदेश को साझा किये जाने पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने इसे 'गंभीर नैतिक पतन का प्रमाण' बताया।
प्रवक्ता ने कहा कि इस प्रकार के संदेश का समर्थन यह दर्शाता है कि अमेरिका अपने घोषित मूल्यों से हटकर हिंसा और उग्रवाद को बढ़ावा दे रहा है।
उन्होंने कहा, " अमेरिका के राष्ट्रपति ने ऐसे व्यक्ति का संदेश साझा किया है, जो खुले तौर पर उन लोगों की हत्या की बात कर रहा है जो समझौते के पक्ष में नहीं हैं। "श्री बाघेई ने कहा कि जो देश कभी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना जाता था, वह अब हिंसा और हत्या को बढ़ावा देता दिखाई दे रहा है।उन्होंने प्रश्न खड़ा किया कि इसे गहरे नैतिक संकट के अलावा और क्या कहा जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित