तेहरान , अप्रैल 18 -- ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण पूरी तरह उसके हाथ में है और अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहने पर इसे खुला नहीं रखा जाएगा।

ईरान की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़िर ग़ालिबाफ़ ने श्री ट्रंप के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए और सभी गलत थे। इन झूठों से वे युद्ध नहीं जीत पाए और बातचीत में भी सफल नहीं होंगे। नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज़ जलडमरूमध्य खुला नहीं रहेगा।"श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर दावा किया था कि ईरान ने जलडमरूमध्य को कभी बंद न करने पर सहमति जताई है और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी जब तक ईरान के साथ उसकी बातचीत पूरी नहीं हो जाती। उन्होंने यह भी कहा था कि युद्धविराम वार्ता तेजी से आगे बढ़नी चाहिए।

श्री ग़ालिबाफ़ ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा कि जलडमरूमध्य से आवाजाही "निर्धारित मार्ग" और "ईरानी अनुमति" के तहत ही होगी तथा इसके खुले या बंद रहने का फैसला जमीनी हालात तय करेंगे, न कि सोशल मीडिया।

उन्होंने अमेरिका पर सैन्य कार्रवाई के दौरान दुष्प्रचार का सहारा लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि "मीडिया युद्ध और जनमत को प्रभावित करना युद्ध का हिस्सा है, लेकिन ईरानी राष्ट्र इससे प्रभावित नहीं होगा।"इस बीच ईरान ने अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी का हवाला देते हुए होर्मुज़ जलडमरूमध्य को एक बार फिर बंद कर दिया है। ईरानी सशस्त्र बलों ने कहा कि इस रणनीतिक मार्ग पर नियंत्रण "अपनी पूर्व स्थिति" में लौट आया है और यह अब सख्त निगरानी में रहेगा।

ईरान के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय ने कहा कि जलडमरूमध्य पूरी तरह सशस्त्र बलों के नियंत्रण में है और उसकी परिचालन स्थिति पूर्ववत रहेगी।

तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व में सद्भावना के तहत हुई वार्ताओं के अनुसार ईरान ने सीमित संख्या में तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों को "नियंत्रित तरीके" से गुजरने की अनुमति दी थी।

उन्होंने अमेरिका पर "समुद्री डकैती" और "लूट" जैसे कृत्यों का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार प्रतिबद्धताओं के उल्लंघन के कारण ईरान ने फिर से कड़ा नियंत्रण लागू कर दिया है।

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि जब तक अमेरिका ईरान से आने-जाने वाले जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही पर लगे प्रतिबंध समाप्त नहीं करता, तब तक जलडमरूमध्य की स्थिति सख्त नियंत्रण में ही रहेगी।

इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि जलडमरूमध्य वाणिज्यिक जहाजों के लिए "पूरी तरह खुला" है, लेकिन यह आवाजाही घोषित समन्वित मार्ग के तहत होगी।

ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने नाकेबंदी जारी रखी तो वह जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित