वाशिंगटन , मार्च 30 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को दावा किया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को 'पूरी तरह से नष्ट' कर दिया है।

श्री ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर कहा, "ईरान में बड़ा दिन। हमारी महान सेना ने कई लंबे समय से वांछित लक्ष्यों को नष्ट कर दिया है।'' हालांकि, उन्होंने न तो विस्तार से जानकारी दी और न ही लक्ष्यों की पहचान की।

एक संबंधित घटनाक्रम में, लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) ने सोमवार को घोषणा की कि 29-30 मार्च की रात को अदचित अल कुसैर में एक गोला फटने से संयुक्त राष्ट्र का एक शांति रक्षक मारा गया और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

यूएनआईएफआईएल ने शांति रक्षक की राष्ट्रीयता का उल्लेख नहीं किया। इसने यह भी नहीं बताया कि गोला किसने दागा था। एजेंसी ने कहा, ''हमें गोले के स्रोत का पता नहीं है। हमने सभी परिस्थितियों का निर्धारण करने के लिए जांच शुरू कर दी है।''यूएनआईएफआईएल ने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपने दायित्वों को बनाए रखने और शांति रक्षकों को खतरे में डालने वाली कार्रवाइयों से बचते हुए हर समय संयुक्त राष्ट्र कर्मियों और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

यूएनआईएफआईएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शांति रक्षकों पर जानबूझकर किए गए हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का गंभीर उल्लंघन हैं। यह युद्ध अपराध के समान हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित