वाशिंगटन , मई 04 -- होर्मुज जलडमरूमध्य में गतिरोध को तोड़ने के उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शुरू किया गया नया नौसैनिक अभियान 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' ऐसे समय में आया है जब अमेरिका में ईरान के साथ 'न समझौता, न युद्ध' की स्थिति को लेकर निराशा बढ़ रही है।
अमेरिकी न्यूज़ वेबसाइट एक्सियोस से बातचीत में प्रशासन के एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, "राष्ट्रपति कार्रवाई चाहते हैं। वह चुपचाप बैठे नहीं रहना चाहते। वह दबाव बनाना चाहते हैं। वह एक समझौता चाहते हैं।"अधिकारियों का कहना है कि कूटनीति पर जोर देने के बावजूद, श्री ट्रंप बंद दरवाजों के पीछे ईरान के लिए कड़े सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। इसमें अमेरिकी युद्धपोतों को जलडमरूमध्य के माध्यम से सीधे भेजकर उसे जबरन खोलने का विकल्प भी शामिल है।
इस नौसैनिक अभियान के हिस्से के रूप में अमेरिकी नौसेना सोमवार से अमेरिकी ध्वज वाले और अन्य वाणिज्यिक जहाजों को जलडमरूमध्य पार करने में मदद करेगी। इसके तहत जहाजों को बारूदी सुरंगों (माइन्स) से बचने की सलाह दी जाएगी और ईरान द्वारा हमला किए जाने की स्थिति में हस्तक्षेप के लिए तैयार रहा जाएगा।
सेंटकॉम के अनुसार, इस अभियान में गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक, ड्रोन, 100 से अधिक विमान और लगभग 15,000 कर्मी शामिल होंगे। एक अधिकारी ने इसे 'एक ऐसी प्रक्रिया की शुरुआत' बताया जो ईरान की प्रतिक्रिया के आधार पर टकराव का रूप ले सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित