श्रीगंगानगर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के विभिन्न संगठनों ने बुधवार को पदमपुर मार्ग पर अवैध रूप से टोल वसूली और अन्य मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन देने वाले शिष्टमंडल में खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की प्रदेशाध्यक्ष दुर्गा स्वामी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला सचिव वकीलसिंह, सीटू के जिलाध्यक्ष मोहनलाल, किसान सभा के जिलाध्यक्ष रिछपालसिंह, संयुक्त मास्टर प्लान संघर्ष समिति के संयोजक नरेश शर्मा आदि शामिल रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग पर टोल की अवैध वसूली को लेकर आमजन एवं किसानों में भारी रोष है। इस मार्ग पर टोल कंपनी के ठेके की अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद टोल कंपनी द्वारा वसूली जारी रखना गैर कानूनी है। इसे आमजन के साथ अन्याय बताते हुए टोल नाकों को तुरंत बंद करवाने की मांग की है।
ज्ञापन में शहर में बढ़ते अतिक्रमण को गंभीर समस्या बताते हुए कहा गया कि सद्भावननगर-पावन धाम रोड अतिक्रमणों के कारण संकरी हो गयी है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। लिहाजा प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित