नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर शौचालयों और पार्किंग स्थलों की साफ-सफाई, रखरखाव, सुरक्षा और निगरानी बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
एनएचएआई ने शुक्रवार को बताया कि इन दिशा निर्देशों के तहत टोल प्लाजा पर आवश्यक सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए मौजूदा शौचालयों की तकनीकी जांच कराकर जरूरी मरम्मत और सुधार किये जायेंगे। इनमें फर्श, पाइपलाइन, रोशनी, हवा और पानी की निकासी तथा अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जायेगा तथा यातायात के अनुसार सफाई की व्यवस्था भी तय की जायेगी।
दिशा निर्देशों के तहत महिला यात्रियों और रात में रुकने वाले परिवारों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त रोशनी, रास्तों और पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी तथा सैनिटरी नैपकिन की वेंडिंग मशीनें उपलब्ध करायी जायेंगी। प्रत्येक संबंधित टोल प्लाजा पर दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित पहुंच वाला कम से कम एक शौचालय बनाना होगा। पार्किंग स्थलों पर निर्धारित जगह और उचित जल निकासी के साथ भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का प्रावधान भी किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित